फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 17 मार्च 2026। जनपद के विकास खण्ड बढ़पुर स्थित ग्राम पंचायत रम्पुरा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजना को समर्पित करते हुए “जल महोत्सव पखवाड़ा” के तहत ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के साथ जल संरक्षण का संदेश भी जोरदार तरीके से दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्रामीणों को जल के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि “जल ही जीवन का आधार है, इसलिए इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि पेयजल का उपयोग सीमित और सावधानीपूर्वक करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल उपलब्ध रह सके।

इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से पेयजल योजना का ‘जलार्पण’ कर इसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। साथ ही उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं जल के दुरुपयोग से बचने की शपथ भी दिलाई गई।अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना से गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा जल निगम के अभियंता, परियोजना से जुड़े अधिकारी, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



