
रिपोर्ट:तालिब मंसूरी
फर्रुखाबाद। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा श्री पाण्डेश्वर नाथ धाम तथा श्री नीव करोली धाम मंदिर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिरों में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना भी की।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट्स एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस बल एवं प्रशासनिक अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार, सतर्कता, अनुशासन एवं तत्परता बनाए रखें, ताकि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


