
सिटी पत्रिका 24X7 (रिपोर्ट: तालिब मंसूरी)
फर्रुखाबाद।शहर में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक एक बार फिर एक मासूम जिंदगी पर भारी पड़ गया। देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक खुशहाल परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं। शादी समारोह से लौट रहे परिवार का ई-रिक्शा तेज रफ्तार कार की टक्कर का शिकार हो गया, जिसमें तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक पल में उजड़ गया परिवार: यह हादसा कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां साहिबगंज नारायण दास निवासी अभिजीत तिवारी का परिवार शादी समारोह की खुशियों के साथ घर लौट रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगा।ई-रिक्शा में सवार मां पूजा तिवारी, दादी रीता तिवारी, 13 वर्षीय बड़ा भाई चेतन और तीन साल का नन्हा तेजस—सभी सुरक्षित घर पहुंचने की उम्मीद में थे, लेकिन पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने सब कुछ तबाह कर दिया।

इलाके में मचा हड़कंप: बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के पास टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और लोग सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक मासूम तेजस की सांसें थम चुकी थीं।
मां की गोद सूनी, दादी बदहवास:अस्पताल में मासूम को मृत घोषित किए जाने के बाद मां पूजा तिवारी बेसुध हो गईं। दादी रीता तिवारी बार-बार यही सवाल करती रहीं—“मेरे पोते का क्या कसूर था?” पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।फरार चालक पर सवालहादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।


