फर्रुखाबाद | सिटी पत्रिका 24X7। जनपद में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ-प्रवर्तन टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान 3 स्लीपर बसों को सीज किया गया। जांच में एक बस बरेली से आती पाई गई, जिसकी आरसी राजस्थान में निलंबित थी। इस पर 93 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए बस को रोडवेज बस अड्डे पर खड़ा कराया गया।वहीं, एक बस बिना परमिट संचालित होती मिली, जिस पर 58 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक अन्य बस पर 16 हजार रुपये का जुर्माना करते हुए तीनों बसों को सीज कर दिया गया।चेकिंग अभियान में ओवरलोडिंग पर भी सख्ती दिखाई गई। ओवरलोड माल ढोते हुए 3 ट्रकों को सीज कर उन पर करीब 1.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बकाया कर न चुकाने वाले 3 ट्रकों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया। इन वाहनों पर कर बकाया पाया गया था। कुल मिलाकर अभियान के दौरान करीब 2.82 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।



