फर्रुखाबाद।सिटी पत्रिका 24X7: जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परिवहन और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई ट्रकों पर कड़ी कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान ओवरलोड माल ढोते हुए 4 ट्रकों को सीज कर दिया गया और उन पर करीब 2.33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने खनन अधिकारी संजय प्रताप के साथ मिलकर शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रक को बकाया कर के मामले में भी सीज किया गया, जिस पर लगभग 10 हजार रुपये का टैक्स बकाया पाया गया।
चेकिंग के दौरान एक ट्रक ऐसा भी पकड़ा गया जो मोहम्मदाबाद की एक फर्म से केंद्रीय कारागार फर्रुखाबाद के अलग-अलग नामों से छह बिलों पर लगभग एक हजार बोरी सीमेंट ले जा रहा था। सभी बिल 50 हजार रुपये से कम के बनाए गए थे, जिससे ई-वे बिल की अनिवार्यता से बचा जा सके।यह ट्रक मसेनी से कादरीगेट की ओर जाते समय दीप पैलेस के पास पकड़ा गया। मामले में जीएसटी चोरी की आशंका को देखते हुए जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त अमित त्यागी को सूचना देकर ट्रक उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिवहन विभाग ने इस ट्रक पर 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि जीएसटी विभाग की ओर से लगभग 80 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाना संभावित है।
वहीं खनन विभाग के साथ की गई कार्रवाई में मौरंग से भरा एक ट्रक भी पकड़ा गया, जिस पर परिवहन विभाग ने 57 हजार रुपये और खनन विभाग ने 28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ओवरलोड वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



