
फर्रुखाबाद।जनपद में संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को अग्निशमन कार्यालय फर्रुखाबाद में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा एक व्यापक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और पूरे अभ्यास की बारीकी से निगरानी की।मॉकड्रिल के दौरान आग लगने, घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और स्थिति को नियंत्रित करने की वास्तविक परिस्थितियों में अभ्यास कराया गया। अग्निशमन विभाग, नागरिक सुरक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।


जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और संसाधनों का सही उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से कमियों की पहचान होती है और उन्हें समय रहते दूर किया जा सकता है।वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी मॉकड्रिल से प्रशासनिक तंत्र की तैयारियों को मजबूती मिलती है।मॉकड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सजगता, अनुशासन और प्रशिक्षण ही सबसे बड़ा हथियार है।फर्रुखाबाद से हमारे संवाददाता पंकज कुमार की रिपोर्ट


