फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X7। जनपद के कोतवाली सदर क्षेत्र के नाला मछरट्टा इलाके में सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए विस्फोट मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



पुलिस के अनुसार, नखास चौकी इंचार्ज इमरान फरीद की तहरीर पर बीएनएस की धारा 288, 131, 125(ए), 125(बी), 3, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुकदमा अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री के संग्रह या निर्माण के शक के आधार पर दर्ज किया गया है।घटना के दौरान विधायक के पुत्र अविनाश सिंह और अभिषेक सिंह सहित कई लोग झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में भैयालाल समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं।

पुलिस को सूचना उस समय मिली जब झुलसे हुए घायलों को ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि विस्फोट के कारण मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और आसपास अफरा-तफरी का माहौल था।


जांच के दौरान बेसमेंट से संदिग्ध गंध आने की बात भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



