
फर्रुखाबाद। सिटी पत्रिका 24X7 रिपोर्ट:तालिब मंसूरी कमालगंज थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में डूबे युवक राहुल पुत्र संजय गुप्ता का शव लगभग 20 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह बरामद किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।

जानकारी के अनुसार, राहुल अपने परिचित रामसिंह वर्मा उर्फ मुनीम जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गंगा तट पर पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान वह निर्माणाधीन पुल के पिलर संख्या 12 के पास गहरे पानी में डूब गए और तेज धारा में बह गए।

ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं था, जिससे यह हादसा और भी भयावह बन गया। कई लोग प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि नदी किनारे और निर्माणाधीन क्षेत्रों में भविष्य में उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल तैनात किए जाएं।घटना के तुरंत बाद पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पहले दिन सफलता नहीं मिलने के बाद खोज सोमवार शाम रोकनी पड़ी, लेकिन मंगलवार सुबह 9:30 बजे शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया। कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक गंभीर चेतावनी है।


