
फर्रुखाबाद। सिटी पत्रिका 24X7 (रिपोर्ट पंकज कुमार) प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) एवं उसकी युवा इकाई उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर जनपद फर्रुखाबाद में व्यापारियों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों और पुलिस भ्रष्टाचार के विरोध में जोरदार आवाज उठाई गई। इसी क्रम में माननीय योगी आदित्यनाथ के नाम एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के माध्यम से सौंपा गया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि थाना मऊदरवाजा, जनपद फर्रुखाबाद में 1 फरवरी 2026 को व्यापारियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 0046/26 विभिन्न धाराओं में फर्जी तरीके से दर्ज किया गया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पुलिस में कथित भ्रष्टाचार के विरुद्ध शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकालने के बाद की गई, जबकि जुलूस के दौरान न तो कानून व्यवस्था भंग हुई और न ही कोई दुकान बंद हुई।

जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला के नेतृत्व में सिटी मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि बजरिया चौकी इंचार्ज पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और इसके बावजूद उनके विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे, व्यापारियों को थाने बुलाकर धन की मांग करने, न देने पर जेल भेजने की धमकी देने और 151 में निरुद्ध करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संबंधित विवेचना अधिकारी द्वारा व्यापारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

नगर अध्यक्ष इखलाक खा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के “जीरो टॉलरेंस” नीति के विपरीत यह कार्रवाई न केवल व्यापारियों की आवाज दबाने का प्रयास है, बल्कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली है। संगठन के अनुसार, पूरे प्रदेश के जिलों में जिला अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर फर्रुखाबाद के व्यापारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की जा रही है। अंत में, व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले का संज्ञान लेकर व्यापारियों पर दर्ज सभी फर्जी मुकदमे तत्काल वापस कराए जाएं, भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिस कर्मियों को निलंबित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी जांच हो। ज्ञापन पर जिला व नगर स्तर के अनेक पदाधिकारियों के हस्ताक्षर रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला,जिला महामंत्री नरेश पालीवाल,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार कनौजिया लालू,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम,नगर अध्यक्ष हाजी मो0 इख़लाक खान,नगर महामंत्री राकेश सक्सेना,नगर संयुक्त महामंत्री राम जी पाठक,जिला महिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला,नगर महिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता,नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा,नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह,नगर संरक्षक आनंद कुमार मुन्ना गुप्ता,मनोज कुमार नगर अध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन,अरुण अग्निहोत्री नगर अध्यक्ष उद्योग मंच,महिला जिला महामंत्री हेमलता मिश्रा,जिला महिला संयुक्त महामंत्री अनीता शर्मा,जिला महिला उपाध्यक्ष सीता भदौरिया,डॉ 0 महेंद्र कुमार श्रीवास्तव अध्यक्ष अंगूरी बाग सहित बड़ी संख्या में व्यापारी नेता शामिल हैं।


