फर्रुखाबाद।(सिटी पत्रिका 24X7) जनपद में हुए चर्चित धमाका कांड को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे घटनाक्रम को साजिश करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना एक राजनीतिक साजिश के तहत कराई गई प्रतीत होती है, जिसमें उनके परिवार को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 12 तारीख को उनकी याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो चुकी थी और 18 तारीख को संबंधित मामले में सुनवाई प्रस्तावित थी, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया।

घटना के समय को लेकर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 17 तारीख की शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच यह घटना हुई, जबकि इसे अलग समय का बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच पूरी होने से पहले ही बच्चों पर केस दर्ज कर दिया गया, जो न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी दावा किया गया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी प्रकार के विस्फोटक या बारूद की गंध न होने की बात कही थी। वहीं, परिवार का कहना है कि घटना के समय बच्चे घर के निचले हिस्से में सिलेंडर आदि की जांच कर रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया, जिसमें वे झुलस गए।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा उनके लाइसेंसी असलहे (राइफल व पिस्टल), बच्चों के मोबाइल फोन व टैबलेट जब्त कर लिए गए हैं, साथ ही घर को भी सील कर दिया गया है, जिससे परिवार को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दमयंती सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और निर्दोषों को न्याय मिल सके।


