फतेहगढ़/फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X714 मार्च।बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय फतेहगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई हालिया बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई और गैस की किल्लत से आम जनता के साथ-साथ छोटे कारोबारियों की स्थिति भी बेहद कठिन होती जा रही है।
जिलाध्यक्ष नीरज प्रताप शाक्य ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 120 रुपये की बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे व्यवसायी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर ऊर्जा क्षेत्र में ठोस रणनीति न बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े मुद्दों का असर सीधे देश की जनता पर पड़ रहा है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और आम जनता को राहत देने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
पार्टी नेताओं ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि को वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
इस अवसर पर अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अचल प्रताप सिंह, अधिवक्ता देवेंद्र सिंह यादव, अधिवक्ता बृजेश कुमार पाल, आईटी सेल प्रभारी अंकित शाक्य, जिला उपाध्यक्ष जगतपाल सिंह, युवा जिला अध्यक्ष राघवेंद्र यादव, छात्र विंग अध्यक्ष रवि शर्मा, नगर अध्यक्ष सनी राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



