
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7) जनपद के कम्पिल थाना क्षेत्र स्थित बिहारीपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा नदी से निकलकर एक विशाल मगरमच्छ रिहायशी इलाके के नजदीक आ गया। करीब 12 फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

ग्रामीणों ने जैसे ही मगरमच्छ को गांव की ओर बढ़ते देखा, तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर वन क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया।

बताया गया कि मगरमच्छ बार-बार पानी और सूखे इलाके के बीच आ-जा रहा था, जिससे रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। रात के अंधेरे में टीम ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक ऑपरेशन शुरू किया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को आबादी से दूर उसके प्राकृतिक और सुरक्षित आवास में छोड़ दिया गया है, ताकि किसी प्रकार का खतरा दोबारा न उत्पन्न हो। घटना के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन ने गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की


