
फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझोला के मजरा श्याम नगर स्थित एक आम के बाग में गुरुवार सुबह लगभग 28 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सीओ राजेश कुमार द्विवेदी,कोतवाली प्रभारी मदन मोहन,आमोद कुमार,कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के गले पर स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जबकि जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र कराए।
पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार मृतका की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


