फर्रुखाबाद | 23 मार्च 2026 | सिटी पत्रिका 24X7: तहसील अमृतपुर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ, जहां फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इस दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास और आपूर्ति विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।



