फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7): जिले में समाजवादी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से ‘रात्रि जन-जागरण’ अभियान की शुरुआत कर दी है। भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के चौकी महमदपुर गांव से इस अभियान का शुभारंभ सपा जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ राम मनोहर लोहिया की जयंती की पूर्व संध्या पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ेंगे और समाजवादी नीतियों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में देवेन्द्र कुशवाहा, विनोद कुमार वाल्मीकि, स्वदेश कुमार, विशाल राजपूत समेत कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे। वहीं कार्यकर्ताओं द्वारा गीत-संगीत के जरिए माहौल को जीवंत बनाया गया और समाजवादी संदेशों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन रजत क्रांतिकारी ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। सपा का यह अभियान अब जिले के अन्य गांवों में भी चलाया जाएगा।



