फर्रुखाबाद | (सिटी पत्रिका 24X7) शक्ति साधना के पावन पर्व चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही फर्रुखाबाद पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया। गुरुवार सुबह से ही जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर ओर “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

सबसे अधिक भीड़ शहर के चर्चित गुड़गांव देवी मंदिर में देखने को मिली, जहां तड़के से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का सिलसिला तेज हो गया और कुछ ही घंटों में हजारों भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। नवरात्रि को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटिंग, फूलों की सजावट और धूप-दीप की सुगंध से पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ माता को भोग अर्पित किए जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मंदिर परिसरों में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और व्यवस्थित बैरिकेडिंग के जरिए दर्शन को सुचारु बनाया गया। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग व्यवस्था भी की गई।शहर के बढ़पुर देवी मंदिर और पल्ला देवी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।नवरात्रि के चलते मंदिरों के आसपास के बाजार भी गुलजार हो उठे हैं। चुनरी, नारियल, प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर अच्छी खासी रौनक रही। छोटे व्यापारियों के चेहरे पर भी इस पर्व ने मुस्कान ला दी है।



