फर्रुखाबाद/फतेहगढ़। (सिटी पत्रिका 24X7) जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में विशेष अभियान चलाते हुए धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की ध्वनि सीमा की जांच की गई। इस दौरान जनपद के सभी उच्चाधिकारी और थाना पुलिस अपनी-अपनी क्षेत्रीय सीमाओं में सक्रिय रही। पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संबंधित लोगों को मा० सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए जिले भर में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त और वाहन पेट्रोलिंग की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है, जिसके लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



