फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7) बुधवार देर रात जिले में पुलिस और लूट के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, 13 मार्च को हुई लूट की घटना में वांछित आरोपी कुलदीप, निवासी थाना पटियाली जनपद कासगंज, को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को लूटे गए कुंडल बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची, तभी उसने पहले से छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा निकाल लिया। भागने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल रविंद्र तिवारी के हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी कुलदीप के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। घटना में घायल दोनों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया, जहां से आरोपी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल की इमरजेंसी में उसका इलाज चल रहा है।



