फर्रुखाबाद | सिटी पत्रिका 24X7। आगामी चैत्र नवरात्र पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शहर के कई इलाकों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान लोहिया नगर, आवास विकास स्थित एक प्रतिष्ठान से सिंघाड़ा आटा और सेंधा नमक (शिव ओम ब्रांड) के नमूने जांच के लिए लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता की पुष्टि की जाएगी।इसके अलावा बढ़पुर मंदिर और गुड़गांव मंदिर के आसपास 21 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक कारोबारी को अनियमितताएं मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने साफ किया कि नवरात्र के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



