फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X7। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा रविवार को पार्टी का छठा स्थापना दिवस तथा बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब की 92वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सन समृद्धि पैलेस, जसमई दरवाजा, फर्रुखाबाद में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रभारी मोहम्मद राशिद प्रधान ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य मंडल प्रभारी प्रदीप निगम (एड.) मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहम्मद क़य्यूम खान, मंडल प्रभारी भाईचारा कमेटी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रदीप निगम (एड.) ने अपने संबोधन में कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब का जीवन बहुजन समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांशीराम साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाते हुए संगठन को मजबूत किया जाए और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की जाए।
वहीं मोहम्मद क़य्यूम खान, मंडल प्रभारी भाईचारा कमेटी ने कहा कि आज के समय में कांशीराम साहब की विचारधारा पहले से अधिक प्रासंगिक हो गई है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा, समानता और न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के पूर्व एवं प्रथम जिलाध्यक्ष फरियाब खान ने संबोधित करते हुए मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांशीराम साहब ने बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने और उन्हें अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम आयोजक एडवोकेट सूरज गौतम ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों, संगठन की मजबूती और बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भीम आर्मी जिलाध्यक्ष जयद्रद गौतम,प्रताप सिंह राणा,धर्मेंद्र कश्यप,शिवानी कटियार,अंशु गौतम,पंकज गौतम,अतुल कठेरिया,लल्लन गौतम आदि भारी संख्या में आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



