फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 13 मार्च 2026। लोहिया पुरम आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में शुक्रवार को पूर्व राज्यसभा सांसद शिवदयाल चौरसिया की जयंती पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद किया।गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सपा जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि शिवदयाल चौरसिया के विचार आज भी समाजवादी आंदोलन की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब सामाजिक और राजनीतिक संतुलन चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, तब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा चलाया जा रहा पीडीए आंदोलन समाज में समता और न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन उन महापुरुषों के अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में एक कदम है, जिन्होंने समानता और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि शिवदयाल चौरसिया के विचार समाज में सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देते हैं। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके सिद्धांत और आदर्श समाजवादियों के लिए हमेशा मार्गदर्शक बने रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान सदर विधानसभा के शमशेर नगर स्थित बूथ संख्या 13 के बीएलए महिमाचंद्र राजपूत द्वारा कथित रूप से सूदखोरों के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने की घटना पर भी शोक व्यक्त किया गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोष्ठी में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, जिला सचिव रामपाल सिंह यादव, विनीत परमार, शिवशंकर शर्मा, रजत कठेरिया, विपिन कुमार पाल, गौरव शेखर, राजन शर्मा, सत्येंद्र प्रताप सिंह, हेमंत दुबे, अनुराग यादव, अर्चित शर्मा, सुमित कश्यप, राजा मिश्रा, अमन तिवारी, प्रशांत सिंह और सुधीर यादव सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



