फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 13 मार्च 2026। आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय में शुक्रवार को संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुनील तिवारी (कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री) ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत मंडल स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में जनपद की चारों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले सभी 18 मंडलों के अध्यक्षों तथा प्रशिक्षण टोली से जुड़े पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा, व्यवस्थाएं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि 29 मार्च से 12 अप्रैल तक जिले के सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण वर्गों में उद्घाटन और समापन सत्र के माध्यम से पार्टी द्वारा निर्धारित सात प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें ऑनलाइन शुल्क का भुगतान भी करना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में प्रशिक्षण वर्ग के लिए स्थान पहले ही निर्धारित किए जा चुके हैं। शिविर में संगठन की यात्रा, प्रभावी कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं के लिए भोजन, टेंट, लाइट, माइक, एलईडी, पंजीकरण किट और स्टेशनरी जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों का मुख्य उद्देश्य मंडल स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को संगठन, पार्टी के इतिहास, विचारधारा और नीतियों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है ताकि संगठन मजबूत हो और कार्यकर्ता आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहें।बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया गया। प्रशिक्षण वर्गों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पांच प्रण” सहित विभिन्न वैचारिक बिंदुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, सुनील रावत, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह, संदीप शाक्य, सोशल मीडिया जिला संयोजक अभिषेक बाजपेई, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत, अतुल दीक्षित, अनुराग सिंह, जहानगंज मंडल अध्यक्ष अनुज राजपूत, कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा तथा जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



