फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7)। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के शमशेर नगर बरौन गांव में खेत के विवाद से परेशान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एटा जाने वाले नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय बिरसिंह उर्फ महिमाचंद्र राजपूत पुत्र स्वर्गीय आशाराम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बिरसिंह ने अपनी करीब आठ बीघा जमीन के नाम पर कर्ज लिया था। उनका आरोप है कि कर्ज की रकम चुका देने के बावजूद भी खेत वापस नहीं किया गया और शर्तिया बेनामा के जरिए जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई। इसी विवाद के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहा था।युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों के साथ एटा नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगाकर हंगामा करने लगे। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक अपने पीछे पत्नी अर्चना और छह बेटियां—अनामिका, आकांक्षा, प्राची, अपूर्वा, रश्मि तथा एक बेटा आदर्श छोड़ गया है। परिवार का आरोप है कि जमीन के विवाद और न्याय न मिलने की वजह से बिरसिंह बेहद परेशान था।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।



