
फर्रुखाबाद | सिटी पत्रिका 24X7 जनपद में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने और पेट्रोल पंपों पर नियमों के पालन को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गैस एजेंसी व पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना बुकिंग किसी भी हॉकर को गैस सिलेंडर देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य और नियमों के अनुसार ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि जनपद में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम को सख्ती से लागू किया जाए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। वहीं पुलिस विभाग को ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गैस और पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर अफवाह फैलाने वालों तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से इस पर निगरानी रखेंगे।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और पेट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा।


