
फर्रुखाबाद।सिटी पत्रिका 24X7 भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर विश्व विजेता बनने की खुशी में जनपद के युवाओं का जोश सातवें आसमान पर रहा। रविवार की देर रात जैसे ही भारत की जीत सुनिश्चित हुई, शहर के प्रमुख त्रिपोलिया चौक पर भारी संख्या में युवा एकत्रित हो गए और जीत का जश्न मनाया।
तिरंगे से पटा चौक, गूंजी आतिशबाजी जीत की खुशी में डूबे युवाओं ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर भारत माता की जय और टीम इंडिया जिंदाबाद के नारे लगाए। त्रिपोलिया चौक पर युवाओं ने जमकर पटाखे फोड़े, जिससे पूरा इलाका रोशनी और धमाकों से गूंज उठा। जश्न का आलम यह था कि राहगीर भी रुककर युवाओं के इस उत्साह में शामिल होते नजर आए।आधी रात तक जारी रहा जश्नमैच का आनंद लेने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थीं। टीम इंडिया के हर चौके-छक्के पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। जीत के बाद शुरू हुआ यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। युवाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और देशभक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए।


ऐतिहासिक जीत का गवाह बना पूरा देश गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम महज 159 रनों पर सिमट गई। जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) और संजू सैमसन की शानदार पारी (89 रन) ने भारत को रिकॉर्ड तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब दिलाया। शहर के युवाओं का कहना है कि यह जीत केवल क्रिकेट की नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव की जीत है।



