
फर्रुखाबाद।(सिटी पत्रिका 24X7):जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार को कमालगंज तिराहे के आसपास सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर नगर क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने बुल्डोजर और जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की निगरानी में सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों, टीन शेड और अन्य अवैध ढांचों को हटाया गया।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण के कारण मार्ग काफी संकरा हो गया था, जिससे वाहनों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बाद भी जब कब्जे नहीं हटाए गए, तो प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।


जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि शहर और कस्बों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण मुक्त हो गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की पहल की सराहना की। रिपोर्ट:फैसल खान


