
फर्रुखाबाद।(सिटी पत्रिका 24X7):देश की सरहदों की रक्षा करते हुए फर्रुखाबाद का एक वीर सपूत हमेशा के लिए अमर हो गया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कलौली महबुल्लापुर निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान कुलदीप सिंह की लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बर्फ में दबने से मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी।

कुलदीप सिंह वर्ष 2011 में ITBP में भर्ती हुए थे और इस समय लेह-लद्दाख क्षेत्र में देश की सेवा में तैनात थे। परिजनों के अनुसार लगभग एक सप्ताह पहले ड्यूटी के दौरान वह अपनी बटालियन के करीब सात अन्य जवानों के साथ अचानक आई भारी बर्फबारी की चपेट में आ गए थे और बर्फ में दब गए। कई दिनों तक चले प्रयासों के बाद आज उनकी शहादत की पुष्टि हुई, जिसके बाद सेना की ओर से परिवार को सूचना दी गई।


शहीद कुलदीप सिंह अपने पीछे पत्नी प्रियंका, आठ वर्षीय बेटी मन्नत और चार वर्षीय बेटे राम को छोड़ गए हैं। घर में यह खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण गहरे शोक में डूबे हुए हैं।ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर बाद तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। गांव में अंतिम दर्शन के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

गांव के लोगों का कहना है कि कुलदीप सिंह बचपन से ही देश सेवा का सपना देखते थे और आज उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर उस सपने को साकार कर दिया। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।


