
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7) होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा संयुक्त रूप से थाना कामलगंज एवं कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न होलिका दहन स्थलों का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी ने आमजन से संवाद कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन व पुलिस को दें।
इसके उपरांत बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया गया। पैदल मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस सक्रिय पहल से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।



