
फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7):जनपद फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की समस्याएं एक बार फिर सामने आईं। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत अपनी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को दिया गया।

कर्मचारियों का कहना है कि सीमित मानदेय में काम कर रहे संविदा कर्मियों को पिछले कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। दीपावली 2025 के बाद से लगातार भुगतान में देरी हो रही है, जिससे कर्मचारियों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। वेतन लंबित रहने से परिवार की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।

संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में बढ़ोतरी की जाए ताकि योजनाओं का बेहतर संचालन हो सके। साथ ही ई-स्पर्श पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर कर भुगतान व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए। कर्मचारियों ने सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, ग्रेच्युटी और सेवा स्थायित्व जैसी सुविधाओं को लागू करने पर भी जोर दिया।

इसके अतिरिक्त आईपीएचएस मानकों के अनुरूप नए पदों के सृजन, लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण, जिला स्वास्थ्य समिति में सभी कर्मियों की भागीदारी और स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग रखी गई। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन कार्यक्रम में अभिषेक वाजपेयी, साबिर हुसैन, नाजिया, रेनू मिश्रा, रैना श्रीवास्तव, अखिलेश, राजीव दीक्षित, योगेंद्र, प्रदीप पाल, रत्नेश, सुमित, सबनम, दीप्ति यादव सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।


