
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7) जिले में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत 28 महिलाओं के चयन को हरी झंडी मिल गई है। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि जिले की 28 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) के माध्यम से 28 ड्रोन दीदी और उनके ड्रोन सहायक नियुक्त किए जाएंगे। ये महिलाएं आधुनिक ड्रोन तकनीक के जरिए खेतों में उर्वरक, कीटनाशक व अन्य कृषि इनपुट का छिड़काव करेंगी, जिससे खेती अधिक प्रभावी, समयबद्ध और कम श्रम वाली बनेगी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, चयनित महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 80 प्रतिशत अनुदान पर ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे न केवल कृषि क्षेत्र में तकनीक का विस्तार होगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आय का नया स्रोत भी मिलेगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद गौड़ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजना के क्रियान्वयन को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह पहल जिले में महिला सशक्तिकरण और आधुनिक कृषि दोनों को मजबूती देगी।


