
फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X7 रिपोर्ट:फैसल खान जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर किसानों में असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार के आह्वान पर सोमवार को सैकड़ों किसानों ने सदर तहसील परिसर में एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।

किसानों का कहना है कि मौजूदा सर्किल रेट वास्तविक बाजार मूल्य से काफी कम है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण मूल्यांकन का आरोप लगाते हुए कहा कि उपजाऊ और अनुपजाऊ जमीन के सर्किल रेट तय करने में पारदर्शिता नहीं बरती गई है।

किसानों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई कि—भूमि अधिग्रहण का मुआवजा मौजूदा बाजार दरों के अनुरूप पुनः निर्धारित किया जाए।नगर पंचायत सीमा में आने वाले गांवों के लिए शहरी मानकों के अनुसार सर्किल रेट लागू किया जाए। लेआउट और अभिलेखीय त्रुटियों के निस्तारण से पहले रजिस्ट्री की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि यदि उनकी सहमति के बिना अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई, तो वे आंदोलन को जिलेभर में फैलाने के लिए मजबूर होंगे। किसानों ने शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक संघर्ष की चेतावनी दी। धरना जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष (पश्चिम) विजेंद्र सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन में छविनाथ शाह, अरविंद गंगवार, अनुज राजपूत, राजीव यादव, सतीश कठेरिया, अंकित गंगवार समेत बड़ी संख्या में किसान नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए


