
रिपोर्ट तालिब मंसूरी
फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ आरती सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन फतेहगढ़ स्थित सभागार में IRAD/EDAR पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर iRAD फॉर्म तत्काल भरा जाए। दुर्घटना से जुड़े सभी विवरण—फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान सहित—सटीक और पूर्ण रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि डेटा की गुणवत्ता बनी रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि डेटा अपलोडिंग में किसी भी प्रकार की देरी न हो। इसी क्रम में कंप्यूटर ऑपरेटरों को iRAD पोर्टल पर डेटा एंट्री, वैरिफिकेशन, रिपोर्ट जनरेशन तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल सड़क सुरक्षा से जुड़े आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और कुशल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। IRAD/EDAR प्रणाली के माध्यम से दुर्घटनाओं के विश्लेषण में तेजी आएगी और भविष्य में प्रभावी रोकथाम रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।



