
फर्रुखाबाद।आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा आज श्रृंगीरामपुर घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रृंगीरामपुर घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


