
रिपोर्ट: फैसल खान
फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7) जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस की तैयारियों को लेकर जनपद के समस्त ग्राम प्रधानों के साथ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि अभियान दिवस के अवसर पर सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर फॉर्म-06, फॉर्म-07 एवं फॉर्म-08 भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूर्ण की जा सके।

बैठक में यह भी कहा गया कि ग्राम स्तर पर आमजन को अभियान की जानकारी पहले से दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी से जुड़ी लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा कराने तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता में ग्राम प्रधानों की भूमिका अहम है और सभी प्रधान आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें।


