
रिपोर्ट: फैसल खान
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7 रिपोर्ट) जनपद फतेहगढ़ की तहसील सदर में 21 फरवरी को “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मुकेश राजपूत ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह भी मौजूद रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों द्वारा फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय सत्यापन कर त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए तथा पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही फरियादियों से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया गया, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय और राहत मिल सके। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां प्रशासन की सक्रियता और तत्परता देखने को मिली।


