फर्रुखाबाद | (सिटी पत्रिका 24X7):समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, आवास विकास में सोमवार को महान समाजवादी चिंतक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा डॉ. लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में उनके विचारों, समाजवाद की अवधारणा और फर्रुखाबाद के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया सामाजिक समरसता और न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव और असमानता के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) आंदोलन उनके मजबूत विचारों की नींव पर ही खड़ा है।

प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि फर्रुखाबाद के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि डॉ. लोहिया ने उनके प्रतिनिधि के रूप में संसद में क्षेत्र की आवाज बुलंद की और सत्ता के सामने मजबूती से खड़े रहे।साहित्यकार एवं यश भारती सम्मानित रामकृष्ण राजपूत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि गंगा नदी पर पुल न होने से जिले में सामाजिक असमानता थी, जिसे डॉ. लोहिया ने संसद में उठाकर लोहिया सेतु के निर्माण के जरिए दूर कराया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, शिव शंकर शर्मा, नरेंद्र सिंह यादव, अनुराग यादव, जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


