फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 14 मार्च। सदर विधानसभा क्षेत्र के शमशेर नगर निवासी समाजवादी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) महिमाचंद्र राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने घटना की पूरी जानकारी परिजनों से ली। जिलाध्यक्ष ने कहा कि महिमाचंद्र राजपूत अपने पीछे छह छोटे बच्चों पांच बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना साधारण नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम प्रतीत होती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था और उनकी जमीन भी सूदखोरों के कब्जे में चली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा।
पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं के गिरोह पर चिंता जताते हुए कहा कि भोले-भाले लोगों को बहलाकर उनसे इकरारनामा कराकर जमीन हड़पने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं कायमगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और प्रशासन को पूरे मामले की पारदर्शी जांच करनी चाहिए।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, शिवशंकर शर्मा, ब्रजेश पाल, रामपाल यादव, विनीत परमार, अमीर सिंह, आशीष शर्मा, अंकुर शाक्य, बंटी यादव, शिवम पटेल, मुख्तार आलम, माजिद अली समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



