
फर्रुखाबाद। जिले में रमज़ान-उल-मुबारक का चांद नजर आते ही मुस्लिम समाज में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। चांद दिखने की पुष्टि मौलाना शमशाद अहमद चतुर्वेदी व काज़ी ए शहर मुताहिर अली ने की उसके बाद मस्जिदों से एलान किया गया, जिसके बाद आज रात से तरावीह की नमाज़ अदा की जाएगी, जबकि कल से रोज़ेदार पूरे अकीदत और एहतराम के साथ रोज़ा रखेंगे।

चांद दिखाई देने की खबर मिलते ही लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी। मस्जिदों में साफ-सफाई, रोशनी और तरावीह के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। इमामों और उलेमाओं ने रमज़ान की फज़ीलत बयान करते हुए कहा कि यह महीना सब्र, इबादत, रहमत और मग़फिरत का है।

रमज़ान के दौरान मुस्लिम समाज रोज़ा रखकर अल्लाह की इबादत करेगा, पांच वक्त की नमाज़, तरावीह, कुरआन की तिलावत और दुआओं में ज्यादा समय देगा। साथ ही ज़रूरतमंदों की मदद, सदक़ा और ज़कात पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। छोटे छोटे बच्चों ने भी अपनी जानमाज उठा कर तिलावत शुरू कर दी।

शहर और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ के लिए हाफ़िज़ों द्वारा कुरआन सुनाया जाएगा। प्रशासन और समाज के जिम्मेदार लोगों ने रमज़ान के दौरान आपसी भाईचारा, अमन और शांति बनाए रखने की अपील की है।

रमज़ान का यह पाक महीना समाज में इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। मुस्लिम समाज ने दुआ की है कि यह मुबारक महीना देश और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और बरकत लेकर आए।


