फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 पोर्टल 13 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या सुनीता सैनी के जनपद आगमन पर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आई 7 महिलाओं ने अपनी समस्याएं प्रार्थना पत्र के माध्यम से आयोग की सदस्या के समक्ष प्रस्तुत कीं। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सदस्या ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। कार्यक्रम के बाद सदस्या सुनीता सैनी ने विकासखंड राजेपुर के उजरा मऊ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिला जेल का भी निरीक्षण किया और वहां भी स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, महिला थाना अध्यक्ष, परियोजना निदेशक, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, दत्तक ग्रहण इकाई के कार्मिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



