विधायक नागेन्द्र राठौर और सुशील कुमार शाक्य की मौजूदगी में कार्यक्रम, डीएम की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7): युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज ऑफिसर्स क्लब में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेन्द्र राठौर एवं अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि जिले में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने व्यवसाय को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।



