फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 17 मार्च 2026। जनपद में बैंकिंग व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बैंकों के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की और कई अहम निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान बैंकों के क्रेडिट-डिपॉजिट रेशियो पर विशेष फोकस रहा। समीक्षा में सामने आया कि कुछ प्रमुख बैंकों का सीडी रेशियो अपेक्षा से काफी कम है, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। खास तौर पर इंडियन बैंक का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया, जिसे लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बैंक केवल जमा बढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि जनपद में ऋण वितरण बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों को भी गति दें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित बैंकों के खिलाफ उच्च स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।इसके अलावा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जहां बैंकिंग सेवाओं को जनहित के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में बैंकों की कार्यप्रणाली पर और कड़ी निगरानी रखी जाएगी।



