फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7): आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने और नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के अभिनंदन के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य नए पदाधिकारियों को भाजपा की विचारधारा से अवगत कराना और उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के माध्यम से हर तीन वर्ष में बदलाव एक सतत प्रक्रिया है, जिससे संगठन मजबूत और सक्रिय बना रहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर 2027 विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और नए पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संगठन को सशक्त बनाना चाहिए।पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत ने नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर बल दिया।पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार ने संगठन में बदलाव को स्वाभाविक प्रक्रिया बताया।पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार ने 2027 में फिर से भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराया। पूर्व जिला महामंत्री डीएस राठौर ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद जिला अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 28 मार्च से शुरू होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों की समीक्षा की। बताया गया कि 28 मार्च से 14 अप्रैल तक सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत और संगठनात्मक कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


