फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7): जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गैसिंगपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब घर के बाहर सो रहे एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि युवक रात में अपने घर के बाहर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या को अंजाम देने के लिए धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिससे युवक का गला काट दिया गया।मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि करीब एक साल पहले गांव के ही एक युवक से उनका विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर जांच-पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।



