फर्रुखाबाद,(सिटी पत्रिका 24X7) संवाददाता। ईद-उल-फितर के मौके पर जनपद में आस्था और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर की नई व पुरानी ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों के बाहर नमाजियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। नमाज को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई।

जिले के प्रमुख स्थानों पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नमाज के दौरान प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा, जिससे पूरे आयोजन में कहीं भी कोई अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।




नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पूरा कार्यक्रम शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।


ईदगाह के बाहर पसमांदा मुस्लिम समाज के तत्वाधान में ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नमाजियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें मुबारकबाद दी गई। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी।



