
फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7) शहर के बजरिया रोड पर रविवार सुबह बिजली के तीन खंभे अचानक गिर जाने से हड़कंप मच गया। यह घटना बजरिया पुलिस चौकी और तिकोना पुलिस चौकी के बीच स्थित मुख्य मार्ग पर हुई। गनीमत यह रही कि पोल सड़क की दूसरी ओर दुकानों और मकानों पर गिरे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, करीब सुबह 11:30 बजे संविदा कर्मी ‘लवी’ शटडाउन लेकर एक पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था। अचानक वह पोल उखड़ गया और उसके साथ लगे पड़ोस के दो अन्य पोल भी एक के बाद एक धराशायी हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खंभे गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीनों पोलों का निचला हिस्सा पूरी तरह गल चुका था, जो इस हादसे का मुख्य कारण बना।
राहत की खबर
हादसे के समय बिजली की आपूर्ति बंद थी, जिस कारण कोई बड़ा करंट वाला हादसा नहीं हुआ। इसके अलावा, पोल मुख्य मार्ग की जगह किनारे की दुकानों पर गिरे, जिससे राहगीर सुरक्षित रहे।विद्युत आपूर्ति ठपइन पोलों में 440 वोल्ट और 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइनें थीं। इनके गिर जाने से जसमई फीडर से जुड़े कई मोहल्लों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई है।
- जसमई फीडर के जेई मासूम अली ने बताया कि विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुट गई है। नए पोल लगाकर अगले 2-3 घंटों के भीतर बिजली व्यवस्था फिर से बहाल कर दी जाएगी।
- तालिब मंसूरी की रिपोर्ट


