रिपोर्टर: श्याम जी कश्यप (सिटी पत्रिका 24X7):फर्रुखाबाद। जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को सेवायोजन विभाग और आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आई 64 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और करीब 3800 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए युवाओं के साक्षात्कार किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने युवाओं के उत्साह और भागीदारी की सराहना की।

रोजगार मेले में दिल्ली, गुरुग्राम, गुजरात, गाजियाबाद और नोएडा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लिया। मेले में फर्रुखाबाद के साथ-साथ हरदोई, शाहजहांपुर, मैनपुरी, बदायूं, बरेली, एटा, कासगंज, कन्नौज और रायबरेली से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंचे, जिससे आयोजन बेहद सफल रहा।

संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आईटीआई परिसर में हर महीने दो छोटे रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं। वहीं, वर्ष में एक या दो बार इस प्रकार के वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। मेले में शामिल युवाओं ने इसे रोजगार पाने का एक बेहतर मंच बताया। जहानगंज क्षेत्र के बेहटा निवासी अरविंद कुमार (ग्रेजुएट व आईटीआई उत्तीर्ण) ने बताया कि उन्होंने पांच कंपनियों में इंटरव्यू दिया, जिनमें उनका चयन भी हो गया। वहीं, शाहजहांपुर और हरदोई से आए अभ्यर्थियों ने भी इस पहल की सराहना की।


