फर्रुखाबाद।(सिटी पत्रिका 24X7) रमजान के मुकद्दस महीने के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे पर शहर की मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नमाजियों का मस्जिदों की ओर रुख शुरू हो गया था और जुमे की नमाज के दौरान इबादत का खास माहौल देखने को मिला।

शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करते हुए लोगों ने मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। रमजान के इस खास मौके को लेकर नमाजियों में गजब का उत्साह नजर आया। इमामों ने अपने खुत्बों में रोजे, इबादत और इंसानियत के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को नेक रास्ते पर चलने की नसीहत दी।

अलविदा जुमे को लेकर बाजारों और मस्जिदों के आसपास चहल-पहल बढ़ी रही। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और ईद की तैयारियों को लेकर भी उत्साह दिखाई दिया। साथ ही जकात और फितरा अदा करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें।

सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर शहर में विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में समय और स्थान तय कर दिए गए हैं, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



