
रिपोर्ट: फैसल खान
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार बिजली के खंभों से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बिजली का खंभा और ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से की बिजली गुल हो गई। गनीमत रही कि कार सवार दोनों युवक मामूली रूप से घायल हुए हैं।

शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे युवकघायलों की पहचान विक्रम कुमार (21) पुत्र नीरज कुमार और योगेश कुमार (22) पुत्र राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक अलीगढ़ के दादो थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, वे अपनी कार (UP 14 CX 9453) से अलीगढ़ से मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत सुमन गार्डन, नेकपुर खुर्द में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने आ रहे थे।

हादसे से मची अफरातफरी, घंटों अंधेरे में रहा शहरदुर्घटना अर्रा पहाड़पुर सब्जी मंडी के ठीक सामने हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर टूटकर गिर गए। इसके चलते जसमई फीडर की आपूर्ति ठप हो गई और शहर का एक बड़ा हिस्सा कई घंटों तक अंधेरे में डूबा रहा। कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया सूचना मिलते ही बीबीगंज चौकी के कांस्टेबल सौरभ और नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। बिजली विभाग अब क्षतिग्रस्त खंभों और ट्रांसफॉर्मर को बदलने की कार्रवाई में जुटा है।



