
सिटी पत्रिका 24X7 (रिपोर्ट: तालिब मंसूरी)
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत फतेहगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मऊदरवाजा पुलिस ने कर्बला स्थित मजार पर आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले वांछित अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रात्रि गश्त के समय मऊदरवाजा पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त शिवम पुत्र भईयालाल को धर दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्त शिवम, जो कि कांशीराम कॉलोनी, हैवतपुर गढ़िया का निवासी है,उसके पास से पुलिस ने 01 अवैध तमंचा और 01 जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद किया है। आरोपी पर कर्बला स्थित मजार में आगजनी करने का गंभीर आरोप है और वह काफी समय से पुलिस की रडार पर था।
थाना मऊदरवाजा पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस गिरफ्तारी को स्थानीय पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।


