
फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7) फतेहगढ़। जिला कचहरी परिसर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार दोपहर एक युवक द्वारा अधिवक्ता के चेम्बर में घुसकर हथियार लहराने और धमकी देने से कचहरी में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ जिला कचहरी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक एक अधिवक्ता के चेम्बर में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विवाद शुरू कर दिया, जिससे आसपास मौजूद अधिवक्ताओं और वादकारियों में दहशत फैल गई। शोर सुनकर अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने मौके से हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होगी।

इस घटना के बाद कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं में रोष देखा गया। कई अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ाने, प्रवेश व्यवस्था सख्त करने और नियमित निगरानी की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।घटना को लेकर अधिवक्ता संगठनों में भी चर्चा तेज है और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।


